हल्दी। अंत्योदय ग्राम मिशन में चयनित विकास खंड बेलहरी के परसिया ग्रामसभा के पंचायत भवन पर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार ने चौपाल लगाई। इस दौरान सभी सरकारी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उसके बाद ग्राम प्रधान द्वारा अब तक के कराये गए विकास कार्यो की जानकारी ग्रामीणों से ले ही रहे थे कि कुछ गांव के युवाओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिया और आपस में हो हल्ला कर लिया तो कुछ क्षण के लिए चौपाल प्रभावित हो गई। सीडीओ के चले जाने के बाद बीडीओ ने सभी जानकारी साझा की।
मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार ने चौपाल के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को अंत्योदय योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी, कौशल विकास योजना जिनमें मुख्य रूप से कृषि में सुधार, गरीबों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर बल दिया। नाली, खड़ंजा, विधवा, विकलांग, वृद्धा पेंशन, प्रधान मंत्री आवास आदि की विस्तृत जानकारी दी। शौचालय का प्रयोग करने व साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। कहा कि स्वच्छता न रहने के कारण ही अनेकों बीमारियों का सामना करना पड़ता है। जिसमें लाखों रुपये बर्बाद हो जाता है। गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण व कैल्शियम की गोली दे, बच्चा अस्पताल में ही कराएं। वहां पर जच्चा को सभी प्रकार के लाभ भी मिलेगा। सभी योजनाओं का लाभ पाने के लिए लाभार्थी स्वयं आनलाइन करें। खंड विकास अधिकारी बेलहरी अशोक कुमार ने उपस्थित जनसमूह को गांव में कराए गए प्रधान मंत्री आवास योजना द्वारा 9 लाभार्थियों ,मनरेगा के तहत 9 कार्य,राज्य वित्त व14वे वित्त से कराए गए कार्य, अब तक बने 126 शौचालय, 18 हैंडपंप की जानकारी ली और इन कार्यों की ग्रामीणों ने पुष्टि की। इस मौके पर सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, सीडीपीओ बेलहरी शिला ठाकुर, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, मुरलीधर पांडेय, ग्रामप्रधान त्रिवेणी सिंह बब्लू, ग्राम पंचायत अधिकारी शशांक शेखर पांडेय, शशिभूषण दुबे, डॉ.आई ए सिद्दीकी, अली अहमद अंसारी कृषि, वृजकिशोर पाठक आदि सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।