बलिया। जिले के एक दर्जन से अधिक कार्यालयों का कामकाज प्रभारी अधिकारियों के भरोसे ही चल रहा है। इसमें कई ऐसे अधिकारी भी जिनके पास गैर जिले के कार्यालय का भी प्रभार है या इस जिले के कार्यालय के बतौर प्रभारी कार्य करते हैं। प्रभार की आड़ में आए अधिकारी गायब रहते हैं, लिहाजा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सीडीओ ने अब दिन का निर्धारण कर दिया है।
जनपद में कुल 14 कार्यालयों में प्रभारी अधिकारी कार्य करते हैं। लेकिन यह भी सच है कि दो जनपद या दो कार्यालयों के प्रभार में अधिकारी मनमानी करते हैं। बार-बार मिल रही शिकायतों को देखते हुए सीडीओ ने इस नकेल कसने का इंतजाम किया है और अब बाकायदा दिन का निर्धारण कर दिया है। बताया जाता है कि जिला उद्यान अधिकारी सुभाष राय की मूल तैनाती बलिया में है और मऊ जनपद के कार्यालय का भी प्रभार है। उन्हें बलिया में सोम, मंगल व बुधवार को कार्यालय में रहने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह बलिया में ही तैनात लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता के जिम्मे भी मऊ का प्रभार है, वह जिले में सोम, मंगल तथा बुधवार को कार्य करेंगे। गाजीपुर में तैनात जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के जिम्मे जिले का प्रभार भी है लेकिन वह कभी आते ही नहीं हैं। सीडीओ ने इन्हें भी जिले में सोम, मंगल तथा बुधवार को कार्य करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा कई अधिकारी के पास डबल चार्ज है और इसकी आड़ में वह मनमानी करते हैं, सीडीओ ने इनपर भी नकेल कसा है। नवानगर के बीडीओ चंद मोहन कन्नौजिया के पास पंदह ब्लाक का भी प्रभार है, दोनों ब्लाकों के लिए सीडीओ ने दिन का निर्धारण किया है। इसके साथ ही बैरिया के बीडीओ रणजीत कुमार के पास मुरलीछपरा ब्लाक, रसड़ा के बीडीओ राम अशीष के पास चिलकहर ब्लाक का भी प्रभार है। तीन सहायक संख्याधिकारियों को भी बीडीओ का प्रभार दिया गया है। इसमें कृष्णानंद उपाध्याय को सोहांव, राजेश कुमार गुप्ता को बेरुआरबारी तथा राजेश राय को दुबहड़ ब्लाक का प्रभार है। बैरिया के सीडीपीओ राकेश कुमार ङ्क्षसह के पास बेरुआरबारी परियोजना, मुरलीछपरा के सीडीपीओ राकेश कुमार यादव के पास बांसडीह, चिलकहर के सीडीपीओ सुरेन्द्र सिंह यादव के पास शहर परियोजना, मनियर की सीडीपीओ श्रीमती पूनम सिंह के पास रेवती, सीयर की सीडीपीओ श्रीमती सरस्वती शाक्या के पास नगरा, रसड़ा की सीडीपीओ श्रीमती मीनाक्षी आर्या के पास सोहांव, गड़वार के सीडीपीओ अमरनाथ चौरसिया के पास हनुमानगंज तथा नवानगर की सीडीपीओ मालती देवी के पास पंदह परियोजना के साथ ही मुख्यालय का भी प्रभार है। सीडीओ ने दोनों कार्यालयों के लिए दिन का निर्धारण करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया है।
-------
कई अधिकारियों के पास दो जिले तथा जिले के कई अधिकारियों के पास दो-दो कार्यालयों का प्रभार है। आए दिन यह शिकायत मिल रही थी कि वह कार्यालय में नहीं मिलते हैं। इसके लिए मूल तैनाती तथा प्रभारी कार्यालय में कार्य करने के लिए दिन का निर्धारण किया गया है। इसके बाद भी अधिकारियों ने लापरवाही की तो इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी।
= संतोष कुमार, सीडीओ, बलिया।