जयप्रकाशनगर। क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार अठगांवा में बुधवार को घाघरा का उग्र तेवर से बाढ़ विभाग सारी कवायद फेल नजर आ रही है। कारण कि बाढ़ विभाग का कोई भी कटानरोधी कार्य यहां घाघरा टिकने नहीं दे रही है। बुधवार को दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बांध के अंदर निवास करने वाली लाखों की आबादी खौफ में जी रही है। हालांकि अभी भी बाढ़ जैसे हालात नहीं हैं। उधर, अठगांवा ग्राम पंचायत के प्रधान बच्चा यादव ने भी बुधवार को कटान स्थल पर पहुंच कर बाढ़ विभाग के अधिकारियों पर कई आरोप लगाए। कहा कि बाढ़ खंड के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। कहा कि बांध को सुरक्षित करने के लिए जो बोल्डर डाला जा रहा है उसे जाली में भरकर डालने की मांग गांव के लोग शुरूआती समय से ही कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इसे अनसुुना कर रहे हैं। इस बाबत बाढ़ विभाग के अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि वह बाढ़ से बचाव की हर कोशिश कर रहे हैं। प्रयास है कि बीएसटी बांध को क्षति नहीं पहुंचे।
इनसेट...
एसडीएम ने कटान का लिया जायजा
जयप्रकाशनगर। क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार अठगांवा में बुधवार को उपजिलाधिकारी राधेश्याम पाठक व क्षेत्राधिकारी उमेश कुमार ने कटान स्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने कटान स्थल पर मौजूद अवर अभियन्ता अनिल कुमार को हर हाल में बंधा बचाने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, जहां भी दिक्कत हो उन्हें तुंरत अवगत कराएं।
इनसेट...
बाढ़ पीड़ितों को बांटी सामग्री
सहतवार। बाढ़ से प्रभावित कोलकला, चांदपुर, रेगहां, रामपुर नम्बरी, चितबिसंाव आदि गांवों के लोग अपना घर-द्वार छोड़ कर बंधे पर शरण लिए हुए हैं। शरण लिए लोगों को पूर्व मंत्री बच्चा पाठक के पौत्र पुनीत पाठक ने बाढ़ पीड़ित प्रत्येक परिवार को 10 किलो आलू, माचिस, बिस्किट आदि वितरित किया और शासन से मिलने वाली सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर सतेंद्र कुंवर, गिरिजाशंकर पटेल, अरविंद यादव, लालमोहन, प्रेमशंकर बिंद, सौरभ उपाध्याय, अंगद यादव, कमलेश वर्मा, राकेश कुंवर आदि थे।