गड़वार। थाना प्रांगण में 26 निकलने वाला महावीरी जुलूस की अनुमति के लिए मंगलवार को देरशाम बैठक हुई। इसमें कस्बा समेत क्षेत्र के सैकड़ों हनुमान भक्तों ने प्रशासन के सामने अपना प्रस्ताव रखा। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमित सिंह कल्लू ने कहा कि 2015 में प्रशासन की ओर से अनुमति मिली थी लेकिन सत्ताधारियों के दबाव में अनुमति को निरस्त कर दिया था। हालांकि जुलूस निकला और प्रशासन ने हनुमान भक्तों पर विभिन्न तरह के मुकदमे भी दर्ज किए। श्री सिंह ने कहा कि ऐसा न हो कि युवाओं पर मुकदमा दर्ज होता रहे और उसका समाधान न हो। सीओ सिटी हितेन्द्र कृष्ण ने कहा कि पूजा-पाठ में कहीं दिक्कत नहीं आएगी लेकिन बिना अनुमति के झंडा जुलूस नहीं निकाला जाएगा। हालांकि सीओ के अलावा एसओ धर्मेन्द्र सिंह ने पूजन स्थल का भी जायजा लिया। सीओ ने कहा कि हनुमान भक्तों की समस्या से आला अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस मौके पर कृष्ण कुमार दारा, शमीम अंसारी, प्रधान प्रतिनिधि ददन राम, संजय गुप्ता, ऋषि वर्मा, राहुल सैनी आदि थे।