बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी गैस एजेंसी व पेट्रोल पंप मालिकों संग बैठक कर परिचर्चा की। कहा कि सेफ्टी के लिहाज से पंप या गैस एजेंसी पर जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रखें। इसके लिए बरती जाने वाली सावधानियों को भी बताया। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी डीलरों से जरूरी सुझाव लेने के साथ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अपने गैस एजेंसी या पंप की देखरेख स्वयं करें और ईमानदारी से लोगों को आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। अति संवेदनशील जगह होने के नाते पेट्रोल पम्पों व गैस गोदामों पर सेफ्टी के प्रति पूरी सावधानी बरती जाए। अब तेल या गैस आपूर्ति पर सरकार गंभीर हो गयी है और घटतौली जैसी शिकायत सही मिलने पर बड़ी कार्रवाईयां हो रही है। लिहाजा इसका पूरा ध्यान रखें। पंप या गैस गोदाम पर कुछ ऐसा न करें जिससे प्रशासन को मजबूरन कार्रवाई करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि अग्निशमन यंत्र ठीक हाल में रहे तथा वहां के कर्मचारी इसकी पूरी ट्रेनिंग लिए हों। छोटी से छोटी कमियां भी मिले तो इग्नोर न करते हुए तत्काल ठीक करा लें। वॉयरिंग भी सही हालत में हो ताकि शॉटसर्किट की समस्या न हो पाएं। विभिन्न पेट्रोलियम कंपनी के क्षेत्रीय सेल्स ऑफिसरों ने भी नियमों व शर्तों की जानकारी देने के साथ जरूरी दिशा निर्देश दिए। पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी वालों की तरह-तरह की जिज्ञासाओं को भी बताया। कहा कि ज्यादा जानकारी या पंजीकरण के लिए 27 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में 2 बजे से आ सकते हैं।
इनसेट=
कमियों को सुधार लें अन्यथा होगी कार्रवाई : डीएसओ
बलिया। जिलापूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने कहा कि पिछले दिनों पंपों पर हुई जांच कई जगह कुछ न कुछ कमियां पाई गई। जिस पर नोटिस भी भेजा गया। लेकिन एक मौका देते हुए कार्रवाई नहीं की गई। बहुत जल्द ऑयल कंपनी के सेल्स आफिसर्स के साथ एक अभियान चलाया जाएगा, लिहाजा कमियों को सुधार लें। अब कोई कमी मिली तो उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सीधे एफआईआर दर्ज हो सकती है। बताया कि पम्प बंद हो तो उसका कारण व स्टॉक की सहीं जानकारी बड़े बोर्ड पर लिखा जाए। पेयजल की व्यवस्था हो तथा शौचालय का ताला बंद नहीं मिलना चाहिए।