इब्राहिमपट्टी। उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड के नहीं आने से गुरुवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
पीडब्लूडी की ओर से इब्राहिमपट्टी-क्रिडिहरापुर मार्ग पर सड़क किनारे स्थित इब्राहिमपट्टी हरिजन बस्ती के लोगो कों अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी जब लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो पीडब्लूडी के अधिकारी गुरुवार को कई थानों की फोर्स और एक टुकड़ी पीएसी को लेकर अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंच गए। पीडब्लूडी के एई एके झा ने एसडीएम को मौके पर आने की सूचना भी लेकिन पांच घंटे तक जब एसडीएम मौके पर नहीं पहुंचे तो टीम बैरंग वापस लौट गई। हालांकि पीडब्लूडी ने अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह में खाली करने का नोटिस देकर कोरम किया। इस मौके पर भीमपुरा, उभांव, नगरा, रसड़ा थाने की फोर्स सहित पीएसी, फायर ब्रिगेड की गाड़ी एसडीएम के इंतजार में घंटो रहे।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एके झा ने बताया कि एसडीएम की उदासीनता के चलते अतिक्रमण हटाने का कार्य नहीं हो सका। अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह का मौका दिया गया है। इस दौरान अतिक्रमण नहीं हटने पर उसे हटाने का काम किया जाएगा। एसडीएम के नहीं आने की सूचना शासन को भेजी जाएगी।