जिले के चार विकास खंडों में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में शुक्रवार को कुल 59.75 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण के चुनाव में 332 ग्राम पंचायतों में 18 जिला पंचायत सदस्य तथा 444 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान किया गया।
इनमें जिला पंचायत के 372 और क्षेत्र पंचायत के 2648 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटिका में बंद हो गया है। मतदान के दौरान कई मतदान केंद्रों पर खामियां मिलीं। कुछ जगहों पर सुरक्षा कर्मियों और मतदान कर्मियों से नोकझोंक हुई, जबकि कई जगह प्रत्याशी समर्थक आपस में भिड़ गए। एक मतदान केंद्र पर मतपेटिका में स्याही डाल दी गई, जबकि एक जगह पीठासीन अधिकारी ही मतदान करते रंगे हाथ पकड़े गए।
त्रिस्तरीय सामान्य निर्वाचन-2015 के लिए प्रथम चरण में सीयर, चिलकहर, रसड़ा और नगरा में शुक्रवार की सुबह सात बजे से सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों के बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शुरू में मतदान धीमी गति से चला।
लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें तेजी आ गई। जहां पूर्वांह्न नौ बजे 12 फीसदी, 11 बजे तक 25 फीसदी, एक बजे तक 32 फीसदी तथा तीन बजे तक 45 के साथ ही अंतिम समय तक 59.75 फीसदी तक मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। जिसमें चिलकहर में 60 फीसदी, रसड़ा में 64 फीसदी, सीयर में 55 फीसदी और नगरा में 60 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान के दौरान जगह-जगह छिटपुट घटनाएं भी हुई। बावजूद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। वहीं पूरे दिन डीएम शरद कुमार सिंह आर एसपी अनीस अहमद अंसारी पूरे दिन विभिन्न मतदान केंद्रों पर चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। साथ ही गड़बड़ी होने की शिकातय पर ड्यूटी में लगे कर्मियों को कार्रवाई के लिए भी चेताया। मतदान के दौरान जहां आला अफसर पूरे दिन चक्रमण करते रहे, वहीं पुलिस की मोबाइल टीमें भी घूमती रहीं।