त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे चरण में विकास खंड बैरिया में कुल 351 क्षेत्र पंचायत उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर लगा है जिसका फैसला एक लाख 29 हजार 301 मतदाता करेंगे। शुक्रवार को छह उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया, जिससे छह क्षेत्र पंचायत उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
बैरिया ब्लाक में क्षेत्र पंचायत के कुल 88 पद के लिए 148 महिला और 215 पुरूष सहित कुल 363 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। जिसमें से छह उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। इससे बैरिया ग्राम पंचायत के क्षेत्र पंचायत के वार्ड संख्या नौ से अनुराधा, कोटवा के क्षेत्र पंचायत संख्या 32 से निर्वतमान ब्लाक प्रमुख राकेश, गोन्हिया छपरा के क्षेत्र पंचायत संख्या 39 से सोनी देवी, गोन्हिया छपरा गांव के क्षेत्र पंचायत संख्या 40 से गोविंद , नौरंगा क्षेत्र पंचायत संख्या 74 मोती सुंदरी देवी एवं क्षेत्र पंचायत संख्या 76 से बिंदू देवी का निर्विरोध चुना जाना तय है। अब 29 अक्टूबर को होने वाले चौथे चुनाव में कुल 141 महिला और 210 पुरुष सहित 351 क्षेत्र पंचायत के उम्मीदवार मैदान में ताल ठोकेंगे। बैरिया विकास खंड के क्षेत्र पंचायत संख्या 83 से सबसे अधिक नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि शुक्रवार को श्रीनगर क्षेत्र पंचायत संख्या 65 से रामनाथ, कोटवा क्षेत्र पंचायत संख्या 32 रवि, बैरिया क्षेत्र पंचायत संख्या 19 से सुमन, गोपालपुर क्षेत्र पंचायत संख्या 84 से मीरा देवी, 83 से भोला राम, दयाछपरा के क्षेत्र पंचायत संख्या 70 से प्रिया पांडेय सहित छह ने नाम वापस ले लिया। आरओ अलाऊद्दीन खान ने बताया कि पर्चा दाखिला से लेकर सिंबल वितरण तक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके चला।