त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान जनपद के मनियर, बेरूआरबारी, पंदह, नवानगर तथा बांसडीह विकास खंडों में मंगलवार सकुशल संपन्न हुआ। 57.6 फीसदी मतदाताओं ने क्षेत्र पंचायत के 336 पद के लिए 2037 और जिला पंचायत सदस्य के 14 पद के लिए 281 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद कर दिया।
इस बीच मामूली हिंसक घटनाएं भी हुई। सुबह सात बजे से सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होते ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए वोटर बूथों पर पहुंचने लगे। यह सिलसिला सुबह से सायंकाल पांच बजे तक जारी रहा। नवरात्र के चलते शुरू में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन दोपहर होते-होते मतदान की गति में तेजी आ गई ।
दूसरे चरण के मतदान में जहां नौ बजे तक मात्र आठ फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। वहीं 11 बजे तक 24.5 फीसदी मतदाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि एक बजे तक 36 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। तीन बजे तक 50 फीसदी मत मतपेटिका में पड़ चुके थे।
जबकि दूसरे चरण में पांचों ब्लाकों में कुल 57.6 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया। जिसमें मनियर में 56, बांसडीह में 55 फीसदी, नवानगर में 60 फीसदी, पंदह में 58 फीसदी और बेरूआरबारी में 59 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के दौरान जगह-जगह छिटपुट घटनाएं भी हुई। बावजूद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह तथा पुलिस कप्तान अनीस अहमद अंसारी पांचों विकास खंडों के मतदान केंद्रों का भ्रमण किया।