सुदिष्ट बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी रानीगंज के परिसर में रोजगार मेले में पूर्व सा
बैरिया। उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के तहत बुधवार को सुदिष्ट बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी रानीगंज में आयोजित रोजगार मेले में 528 युवक-युवतियों को नौकरी के लिए चयनित किया गया। मेले में रोजगार पाने की उम्मीद लेकर कुल 1203 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं 26 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता और दक्षता के आधार पर चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने ऑफर लेटर वितरित किए।
जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद की अध्यक्षता में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि अपनी टीम के साथ शामिल हुए। कंपनियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 528 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चुना गया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
बचत की आदत विकसित करने की दी सलाह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही युवाओं को बचत करने की आदत भी विकसित करनी चाहिए। बचत संकट के समय आर्थिक संबल प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनती है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी बैरिया एके सिंह, आईटीआई के प्रधानाचार्य पन्नालाल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।