मानदेय के लिए हंगामा, अधिशासी अभियंता का घेराव
बेल्थरारोड। नौ माह से बकाया मानदेय भुगतान को लेकर नाराज बिजली संविदाकर्मियों ने बुधवार को अपराह्न कार्यालय पर हंगामा करते हुए अधिशासी अभियंता का घेराव किया। इस दौरान विद्युत कार्यालय पर अफरातफरी मच गई। करीब दो घंटे तक जद्दोजहद के बाद अभियंता द्वारा 25 अप्रैल तक मानदेय भुगतान का आश्वासन देने पर धरना समाप्त हुआ।
विद्युत के बकाए मूल्य की वसूली रिपोर्ट की समीक्षा करने अधिशासी अभियंता रामाश्रय प्रसाद विद्युत कार्यालय पहुंचे। इसकी भनक लगते ही करीब दो दर्जन संविदाकर्मी कार्यालय पहुंचे और नौ माह से मानदेय के भुगतान की मांग करने लगे। इस दौरान संविदाकर्मियों ने मानदेय न मिलने पर तीन दिन के अंदर कार्य ठप करने की चेतावनी दी। उनका कहना है कि मानदेय भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के हंगामे के चलते करीब दो घंटे तक विभागीय कार्य बाधित रहा। कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए एक्सईएन ने मानदेय भुगतान करने वाली कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की और 25 अप्रैल तक प्रत्येक दशा में मानदेय भुगतान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। तब जाकर कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त किया। इस मौके पर एसडीओ अखिलेश यादव, अवधेश कुमार, सुधीर यादव और कर्मचारी मौजूद रहे।