सुखपुरा(बलिया)। संत यतीनाथ मिनी स्टेडियम सुखपुरा में चल रहे प्रभुनाथ गुप्त स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता में बुधवार की शाम प्रतियोगिता के चौथे मैच में नेपाल ने भरौली को 2-0 के अंतर से पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया। मैच में शुरू से ही नेपाल की टीम ने भरौली पर दबाव बना रखा था। इसके बावजूद भरौली ने नेपाल की टीम द्वारा तीन बार गोल करने के प्रयास को विफल कर दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रही हाफ टाइम के बाद नेपाल की टीम ने उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। इसी कारण हाफ टाइम के 13 वे मिनट में नेपाल के मनोज ओली ने एक मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दिया।
भरौली की टीम ने गोल उतार कर अपनी टीम को बराबरी पर लाने का अथक प्रयास किया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी। इसी बीच मैच समाप्त होने के सात मिनट पहले नेपाल के दीपक ने एक गोल दाग कर नेपाल को 2-0 से अजेय बढ़त दिला दिया। इस प्रकार नेपाल की टीम 2-0 से विजयी रही। इसके पूर्व प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। ग्राम प्रधान नंदलाल को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उद्घोषक की भूमिका में कमलेश मिश्र रहे। आयोजक उमेश सिंह ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर पी कुमार, जमाल अख्तर, वीरेंद्र सिंह, सत्य प्रकाश गुप्त, राकेश सिंह, छबीला यादव, अनिल सिंह, रुस्तम अली, अभिमन्यु, अमित, अखिलेश, प्रफुल्ल, रियाजुल अंसारी आदि मौजूद रहे।