बलिया। पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के भाई सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा चौधरी का चरित्र प्रमाण पत्र जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने निरस्त कर दिया है। वाराणसी जिले के ग्राम हासिमपुर थाना कैंट निवासी प्रमोद कुमार सिंह की शिकायत के बाद इसकी जांच कराई गई थी। थानाध्यक्ष फेफना ने जांच के बाद रिपोर्ट दी कि ग्राम कूपरी निवासी सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा चौधरी के खिलाफ मनियर थाने में मुकदमा दर्ज है। विवेचना के बाद नामजगी गलत पाई गई है। इसके अलावा सुखपुरा थाने में मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना ईओडब्ल्यू वाराणसी द्वारा की जा रही है।
वाराणसी जिले के कैंट थाने में भी इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। फेफना थानाध्यक्ष की 27 अक्टूबर की इस आख्या के बाद सतीश कुमार चौधरी के नाम पर निर्गत चरित्र प्रमाण पत्र को जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने एक पखवारे पहले ही निरस्त कर दिया है। मालूम हो कि वाराणसी जनपद के कैंट थाना के हासिमपुर निवासी प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया था कि सतीश कुुमार उर्फ नागा चौधरी पुत्र स्व कमला चौधरी का जिलाधिकारी द्वारा 16 मार्च को निर्गत किया गया चरित्र प्रमाणपत्र गलत जारी हुआ है। उनके प्रार्थना पत्र पर 27 जून 2018 को जिलाधिकारी से शिकायत किया था, जिस पर डीएम ने फेफना थाने से जांच आख्या मांगी थी।