बांसडीह। खाद्य रसद विभाग कार्यालय बांसडीह में कार्ड में यूनिट घटाने व बढ़ाने के नाम पर क्षेत्र के कार्ड धारकों से अवैध वसूली का आरोप है। जबकि कार्ड धारकों द्वारा विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जाती रही है।
बांसडीह ब्लाक के अंतर्गत 112897 लाभार्थी हैं। जिसमें 31572 लोग राशन कार्ड धारक हैं। इन राशन कार्ड धारकों में से 40 फीसदी लोगों का बिना कारण बताए यूनिट काट दिया गया। जब कार्ड धारक राशन लेने कोटेदार के यहां गये तो कोटेदार द्वारा यह कह कर लौटा दिया जा रहा कि आप का नाम नहीं है। शांती देवी, फुलकुमारी देवी,अतवरिया देवी, राम कलिया देवी, सनशवरी देवी, रजकवलि देवी, रम्भा देवी आदि का कहना है कि यूनिट में गड़बड़ी की शिकायत कोटेदार से लेकर संबंधित विभाग के अधिकारी तक से की गई, लेकिन अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया। प्रतिदिन सैकड़ों राशन कार्ड धारक बांसडीह कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। इस संबंध में तहसीलदार पं. शिवसागर दुबे ने बताया कि राशन कार्ड में यूनिट की गड़बड़ी का मामला सामने आया था, जिसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है। बताया कि यूनिट घटाने व बढ़ाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर शिकायत मिली तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।