जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के चांददीयर पंचायत के चांददीयर गांव में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आठ मड़हे व सात भूषा भरे खोप जलकर राख हो गए। इसके अलावा सामान के साथ ही नकदी व आभूषण भी जलकर राख हो गए। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। लेकिन घंटों बाद भी अग्निशमन दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
क्षेत्र के चांददीयर गांव निवासी जगदीश यादव की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस दौरान परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। आसपास के लोग कुछ समझ पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर धुरंधर यादव, वीरेन्द्र यादव, राजन यादव, रामप्रीत यादव, धनलाल यादव, जयकिशोर यादव के मड़हों को अपने आगोश में ले लिया। जिसमें दैनिक उपभोग की सभी वस्तुओं के साथ सभी के हजारों रुपये नकदी, लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण जलकर राख हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान में रहने को विवश है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीरेन्द्र यादव ने गांव से सटे अपने ट्यूबेल को चालू कराकर ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। जिससे आसपास के सैकड़ों मड़हे सुरक्षित बच गए। वहीं पीड़ित परिवारों को प्लास्टिक का तिरपाल और भोजन की व्यवस्था भी किया। सूचना पर उपजिलाधिकारी राधेश्याम पाठक अपने दल बल के साथ मौके पर पहुँच पीड़ितों आश्वासन के साथ भोजन का प्रबन्ध कराया। कहा कि शासन के आदेशानुसार सबको सहायता राशि शीघ्र दी जाएगी।