बलिया। शिक्षकों के आंदोलन के चलते पहले दिन शनिवार को किसी भी मूल्यांकन केंद्र पर कापियों के जांचने का काम नहीं हो सका। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रदेश स्तर पर आंदोलन के कारण यह स्थिति आई है। जिले में मूल्यांकन के लिए कुल चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जिले में अलग-अलग विषयों की कुल नौ लाख 579 कापियां जांचने को पहुंची हैं। इसमें जीआईसी पर दो लाख 45 हजार 465, कुंवर सिंह इंटर कॉलेज केंद्र पर दो लाख 16 हजार, जीजीआईसी केंद्र पर दो लाख 31 हजार 360 व टाउन इंटर कॉलेज केंद्र पर दो लाख सात हजार 654कापियों को जांचने का इंतजाम किया गया है। इसके लिए कुल दो हजार 558 परीक्षक व 281 प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। लेकिन पहले दिन शिक्षक आंदोलन के कारण किसी भी मूल्यांकन केंद्र पर कापियों को जांचने के लिए कोई परीक्षक या प्रधान परीक्षक नहीं पहुंचा। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक एएन राय ने बताया कि प्रदेश स्तर पर वित्तविहीन शिक्षकों के आंदोलन के कारण यह परेशानी आई है।