बलिया। केबिनमैन शैलेश तिवारी की निर्मम हत्या के तीन बाद भी हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। मामले में पुलिस की उदासीनता और हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें पत्रक सौंपा। कहा कि हत्या की वारदात से वह अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे। एसपी से मांग की कि जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए।
रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन पर तैनात केबिनमैन शैलेश तिवारी की हत्या मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों द्वारा पीट-पीटकर कर दी गई थी। हत्या के दुसरे दिन अस्पताल में काफी देर तक परिवार के लोगों ने हंगामा किया। जिसके बाद जीआरपी पुलिस ने सहायक स्टेशन मास्टर राजू राय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी। इस मामले में तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से रेलकर्मियों में नाराजगी है। रेल कर्मियों ने एसपी को दिए गए पत्र में उल्लेख किया है कि पश्चिम केबिन से 50 से सौ मीटर की परिधि में राजकीय रेलवे पुलिस थाना, रेलवे सुरक्षा बल पुलिस तथा चित्तू पांडेय चौराहा स्थित पुलिस पिकेट स्थित है। इसके बाद भी रेलकर्मी की निर्मम हत्या किए जाने से रेलकर्मचारियों तथा अधिकारियों में भय का माहौल है। कहा कि ऐसे में रेलकर्मी सुरक्षित रहकर अपनी ड्यूटी भी नहीं कर पा रहे। 56 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी न होना सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगा रहा है। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह, मनोज तिवारी, राजू राय, वीरबल गुप्ता, सुनिल कुमार, आलोक कुमार सिंह आदि मौजूूद रहे।