प्रतिभा संरक्षण व संवर्धन पर दिया जोर
बेल्थरारोड। परशुराम जानकी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में मातृ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बालकों के विकास में माताओं की महती भूमिका का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने बच्चों की प्रतिभा के संरक्षण व संवर्धन पर जोर दिया। प्रज्ञा, गरिमा, रोशनी, गीतांजलि आदि छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीत-संगीत की प्रस्तुति की। प्रधानाचार्य चंद्रगुप्त त्रिगुणायत ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर प्रमिला सिंह , सतीश चंद्र, अमृता , गुलाबचंद, मोनिका, संतोष, राज कुमारी आदि रहे।
कृषक एक्सप्रेस को कानपुर तक चलाने की मांग
बेल्थरारोड । भोजपुरी लोक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष मनोज गुप्त प्यारे ने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को पत्र भेज वाराणसी से लखनऊ के बीच चलने वाली कृषक एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार कर कानपुर तक चलाने की मांग की है। पत्र में उल्लेख है कि गाजीपुर ,मऊ, बलिया और देवरिया जिला से रोजाना भारी संख्या में यात्री कानपुर तक यात्रा करते हैं ,लेकिन कानपूर तक सीधी ट्रेन सुविधा नहीं होने से कृषक एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचने के बाद यात्रियों को दूसरे साधनों से कानपुर जाना पड़ता है। इस स्थिति में समय की बर्बादी होती है।
ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत
बेल्थरारोड । किडिहरापुर के बीच गोविंदपुर के पास गुरुवार की रात ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह धोती कुर्ता पहना था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।