बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के बजहां गांव निवासी रमेश तिवारी साइबर ठगी के शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद बांसडीहरोड थाने में भी शिकायत की है।
शिक्षक रमेश तिवारी ने बताया कि मोबाइल पर तीन दिन से कॉल और मिस्ड कॉल आ रहे थे। शुक्रवार को एक कॉल आने के कुछ देर बाद मोबाइल पर ओटीपी आया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही खाते से रुपये कटने का मेसेज आ गया। ठगों ने खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शिकायत के बाद भी 3500 रुपये और कट गए। इसके बाद पीड़ित ने बांसडीहरोड थाने पहुंचकर शिकायत की। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर ने बताया कि शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।