हल्दी। जिले में गोंड खरवार जाति के प्रमाण पत्र बनाने को लेकर अक्सर आंदोलन होता रहता है। इस बीच हल्दी थाना क्षेत्र में जाति प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर लेनदेन का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें बेलहरी क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल गोंड, तुरहा और खरवार जाति के प्रमाणपत्र बनवाने के लिए घूस और इसमें तहसीलदार समेत अन्य लोगों का हिस्सा होने का दावा कर रहा।
वायरल बातचीत के अनुसार, बेलहरी विकासखंड की चार ग्राम पंचायतों का प्रभार संभालने वाले लेखपाल से हल्दी चट्टी के एक दुकानदार ने अपने छह बच्चों के जाति प्रमाणपत्र बनवाने की बात कही। आरोप है कि लेखपाल ने प्रति प्रमाणपत्र 50 हजार रुपये के हिसाब से तीन लाख रुपये की मांग की। ऑडियो में लेखपाल कथित तौर पर खरवार जाति का एक प्रमाणपत्र 60 हजार रुपये लेकर जारी करने की बात भी कह रहा है। बातचीत के दौरान लेखपाल के मोबाइल पर विभागीय अधिकारियों के फोन आने और उनके साथ विभागीय बातचीत होने की बात भी सामने आई है।
पूर्व में शिकायत पर हो चुका प्रमाणपत्र निरस्त
बेलहरी ब्लॉक क्षेत्र में फर्जी जाति प्रमाणपत्रों की जांच का मामला सामने आ चुका है। जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी ने सोनवानी गांव निवासी दयाशंकर सिंह की शिकायत पर तीन लोगों के एसटी प्रमाणपत्र 14 जुलाई 2026 को निरस्त किए थे। शिकायत के अनुसार संबंधित लोगों ने कमकर जाति के बावजूद खरवार जाति का एसटी प्रमाणपत्र बनवाए थे। कमेटी की कार्रवाई के बाद मामला प्रमुख सचिव समाज कल्याण, आजमगढ़ मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी और तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया था।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह का मामला आता है तो पूरी जांच करवाकर संबंधित लेखपाल व अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -
गोपेश तिवारी, एसडीएम, सदर तहसील बलिया।