सिकंदरपुर। सपा से विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी के बयान और सलेमपुर के सांसद रामाशंकर राजभर की ओर से सोशल साइट पर की गई टिप्पणी के विरोध में सिकंदरपुर कस्बे की 500 दुकानें दोपहर तक बंद रहीं।
कलेक्ट्रेट परिसर में गत दिनों समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित आरक्षण एवं संविधान मान स्तंभ दिवस कार्यक्रम के दौरान सपा विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी की ओर से कांवड़ यात्रियों को अनपढ़, गंवार और अंधविश्वासी बताए जाने और सलेमपुर के सांसद रामाशंकर राजभर की सोशल साइट पर तेली समाज को लेकर अपशब्द कहा गया था।
सोमवार को कस्बे में विरोध हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और तेली समाज के लोगों ने संयुक्त रूप से अद्भुत नाथ मंदिर से जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए बस स्टेशन चौराहा पहुंचे। यहां प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती रही। हालांकि सपा विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी ने रविवार को ही प्रेस कांफ्रेंस कर बयान के लिए माफी मांग ली थी। वहीं सपा सांसद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि उनका एकाउंट हैक कर लिया गया है। इसके बाद भी लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ और सोमवार को विरोध-प्रदर्शन के रूप में देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला महामंत्री प्रयाग चौहान ने कहा कि सनातन धर्म और एक विशेष जाति के खिलाफ सपा के नेताओं की टिप्पणी पूरे हिंदू समाज का अपमान है।
मंडल अध्यक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास सनातन धर्म का विरोध कर एक वर्ग को खुश करने का रहा है। विरोध प्रदर्शन में प्रमोद गुप्ता, जेपी वर्मा, रमेश गुप्ता, विजय जायसवाल, मोहन गुप्ता अमित गुप्ता समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।