बैरिया। कस्बा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में सोमवार को एक खाताधारक का झोला काटकर 50 हजार रुपये की उचक्कागिरी का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दोकटी थाना क्षेत्र के कर्णछपरा गांव निवासी लालजी साहू ने इंडियन बैंक की बैरिया शाखा में गए थे। अपने बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाले। पैसा झोले में रखकर पासबुक प्रिंट करने के लिए काउंटर पर उन्होंने दिया। झोला कंधे पर लटका हुआ था। इसी बीच किसी ने झोले को ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपये निकाल लिए। बाद में झोला कटा देखकर लालजी को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर दी। घटना की जानकारी होने पर चौकी इंचार्ज बैरिया सुशील कुमार यादव ने इंडियन बैंक शाखा पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। संवाद