बलिया/सिकंदरपुर। सिकंदरपुर विधान सभा क्षेत्र में 72 करोड़ की लागत से 48 नए पक्का मार्ग बनाए जाएंगे। इन मार्गों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। सोमवार को इन मार्गों का शिलान्यास डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। इन मार्गों के बनने से लोगों का आवागमन भी सुगम होगा।
विधान सभा चुनाव को लेकर लागू होने वाले आचार संहिता को लेकर विकास कार्यों में तेजी की जा रही है। अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को जोर विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास पर है। सिकंदरपुर विधान सभा क्षेत्र के कई गांवों के बीच पक्का मार्ग का अभाव था। इसको लेकर ग्रामीणों की ओर से समय-समय पर मांग भी की जाती रही है। लोक निर्माण विभाग की ओर इन मार्गों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था जो अब स्वीकृत हो चुका है। सिकंदरपुर विधान क्षेत्र के खड़सरा, हरदिया जमीन, बिहरा, जिगिरसर, मालदा, झोरीडीह आदि इलाकों में सड़क नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था जिसके अब दूर होने की आस जगने लगी है। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव की स्वीकृति देते हुए इन मार्गों के निर्माण के लिए धन भी जारी कर दिया गया है। सोमवार को इन मार्गों का शिलान्यास भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे।
-----------
यह हैं प्रमुख पांच मार्ग
- तीन किमी दूरी वाला खड़सरा- जिगिड़सर मार्ग से राजीव पाठक के टोला तक मार्ग, लागत 216. 12 लाख
- 3.6 किमी दूरी वाला हरदिया जमीन-डीह बाबा स्थान से भरथाव गांव होते हुए तेनुआ तक मार्ग, लागत 247.35 लाख
-तीन किमी दूरी का ग्राम बिहरा जूनियर हाईस्कूल-डूहा बिहरा मार्ग से मालदा बिहरा मार्ग तक, लागत 231.25 लाख
- चार किमी का हड़सर तिवारीपुर नहर से झोरीडीह होते हुए मुईया तिवारीपुर तक सड़क, लागत 295.48 लाख
- तीन किमी का खडसरा-जिगिड़सर मार्ग से अकटही नटवा तक मार्ग, 224.68 लाख
---------------------
सिकंदरपुर विधान सभा क्षेत्र में 48 नए मार्गों के निर्माण की स्वीकृति मिली है और धन भी जारी हो चुका है। उप मुख्यमंत्री के शिलान्यास के बाद इन मार्गों के निर्माण का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
- सीपी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बलिया वृत्त
-----------------------
आज आएंगे डिप्टी सीएम, तैयारियां पूरी
सिकंदरपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगमन आज सिकंदरपुर क्षेत्र के चेतन किशोर के मैदान में सुबह 11 बजे होगा। यह जानकारी देते हुए विधायक संजय यादव ने बताया कि उप मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। साथ ही विधानसभा सिकंदरपुर में करोड़ों की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। उधर, उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एडिशनल एसपी विजय त्रिपाठी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थानीय अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ हेलीपैड व पंडाल में सुरक्षा ब्यवस्था कड़ी रखने का भी निर्देश दिया। एडीशनल एसपी ने डी एरिया को सुरक्षित बनाने व पंडाल से पार्किंग स्थल दूर हो जिससे की रास्ते पर जाम न लग सके आदि सुझाव अपने मातहतों को दिया। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर रविवार को सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। आसपास के सड़कों को भी चकाचक करने का काम किया जा रहा है।