यूपी बोर्ड परीक्षा में खुलेआम नकल को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अब जाकर सख्त कदम उठाया है। सोमवार को देर रात जिलाधिकारी यशवंत राव के निर्देश पर कई परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कापियों का बंडल खुलवाया गया।
परीक्षा केंद्र खाकी बाबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर हल कापियों की जांच में 221 की जगह 442 कापियां बंडल में मिलीं। सबसे बड़ी बात कि इस बंडल में अलग-अलग सीरीज की कापियां थीं। यही नहीं एक परीक्षा केंद्र की कापियों पर छात्रों के रोल नंबर तक दर्ज नहीं थे। उक्त केंद्र पर जिन परीक्षा केंद्रों की कापियां पाई गई हैं, उनकी भी जांच शुरू कर दी गई है। मामले की रिपोर्ट डीएम ने बोर्ड को भेज दी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा में कई बार प्रश्नपत्रों के लीक होने के बाद जिला प्रशासन ने नगरा क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों पर पैनी नजर रखना शुरू कर दी है। सोमवार को तीन सदस्यीय टीम डीआईओएस शिवचंद राम, एसडीएम रसड़ा अनिल कुमार मिश्र और जिला युवा कल्याण अधिकारी देवीदत्त सिंह ने रसड़ा तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन स्कूलों पर छापेमारी की।
इसमें कापियों का बंडल आधी रात तक चेक किया गया। इस दौरान खाकी बाबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेें कापियों की गिनती होने पर पता चला कि केंद्र पर 221 कापियों की जगह बंडल में 442 कापियां मिलीं।
अब तक की जांच में पता चला है कि शिक्षा माफिया रात में प्रश्नपत्रों का बंडल खोलकर कापियों को रात में लिखवाकर परीक्षार्थियों से पैसा वसूल रहे हैं। इसका हल पेपर भी सुबह होते बाजार में आ जा रहा है। जिलाधिकारी ने पूरी रिपोर्ट यूपी बोर्ड को भेज दी है। इस जिलाधिकारी ने बताया कि जांच में कई खामियां मिली हैं। आठ और परीक्षा केंद्रों की जांच के आदेश दिए गए हैं। पूरी रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है। निर्देश मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।