बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। एआरटीओ अरुण कुमार राय ने बताया कि जनपद में 430 स्कूली वाहन फिटनेस में फेल पाए गए हैं। इन वाहनों को ब्लैकलिस्टेड भी कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि ये स्कूली वाहन सड़क पर न चलने पाएं।
बैठक में स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के पालन के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा हुई। नवंबर एवं दिसंबर में रसड़ा में सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निरीक्षण कर कारण का पता लगाते हुए यातायात के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश डीएम ने दिए। कहा कि सड़क के किनारे गिट्टी एवं बालू रखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। नाबालिग ई-रिक्शा न चलाने पाएं। ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने एवं सुरक्षा कार्य के निर्देश दिए। एडीएम डीपी सिंह, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार गुप्ता, सीएमओ डॉ. विजयपति द्विवेदी रहे।