बेल्थरारोड। मऊ-बलिया-देवरिया जिले के बॉर्डर सोनाडीह- हाहानाला पुल पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सोनाडीह से हाहानाला मार्ग पर प्रस्तावित पुलिस चौकी स्थापना के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है।
पुलिस चौकी के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है लेकिन बजट जारी नहीं किए जाने से पुलिस चौकी निर्माण का मामला अधर में लटका हुआ है। सोनाडीह क्षेत्र में हमेशा लोगों को अपराधियों का भय बना रहता है। सोनाडीह क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पूर्व डीजीपी रिजवान अहमद ने पुलिस चौकी स्थापित करने का निर्देश दिया था। इसके लिए भूमि अधिग्रहण कर जिला प्रशासन द्वारा धन स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया। सरकार ने प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस चौकी स्थापना के औचित्य को स्वीकार किया तथा स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट जारी करने का आदेश दिया है।