बैरिया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सोमवार को ब्लॉक परिसर में चौपाल लगी। चौपाल में मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र सिंह के द्वारा शौचालय निर्माण के लिए 40 लाभार्थियों को 12-12 हजार रुपये का चेक दिया गया। इसके बाद विधायक ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रैली को रवाना किया। इस दौरान विधायक ने कहा कि शौचालय निर्माण में कर्मचारियों व अधिकारियों की उदासीनता के वजह से इतना समय लग गया। काम पूरा हो गया होता तो आज बहू, बेटियां शौच के लिए बाहर नहीं जाती। बीडीओ रणजीत कुमार ने कहा कि शासनादेश के मुताबिक एक अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक जिनके घर शौचालय नहीं है, सर्वे करना है। विकास खंड के 30 ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण के लिए कुल 14663 शौचालयों का एमआईएस किया गया है। जिसमें से अब तक महज 4138 शौचालय का ही निर्माण हो सका है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत निकली रैली ने रानीगंज बाजार सहित 30 ग्राम पंचायतों में भ्रमण करते हुए लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर एडीओ पंचायत अरविंद कुमार श्रीवास्तव, गिरीश कुमार पांडेय, बृजलाल वर्मा, अजय सिंह, विजय शंकर राम, उमेश सिंह, मित्रेश तिवारी, योगेश चौबे आदि रहे।
इनसेट....
ब्लाक में की साफ-सफाई
बैरिया। ब्लॉक परिसर में गंदगी को देख बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ब्लॉक में 92 सफाईकर्मी हैं। इतना छोटा सा ब्लॉक का प्रांगण है लेकिन गंदगी चारों तरफ दिख रही है। ऐसे में हम बाहर स्वच्छता अभियान का क्या अलख जगायेंगे। कहा कि अभी चौपाल खत्म होते ही सभी लोग साफ सफाई करें। इसके बाद विधायक के साथ ही बीडीओ, एडीओ, सचिव व अन्य कर्मचारियों ने ब्लाक परिसर की साफ-सफाई की।