तहसील प्रांगण में दिगरजा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्ड धारकों का निष्पक्ष जांच एवं वर्तमान बीएलओ को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार शिवधर चौरसिया को पत्रक सौंप चेताया कि उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो आन्दोलन और तेज किया जाएगा। प्रधान प्रतिनिधि धनजीत चौहान एवं शकुंतला देवी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं एवं पुरुष अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए तहसील प्रांगण पहुंच धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गांव के बीएलओ उर्मिला सिंह द्वारा राजनैतिक द्वेष के चलते पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय लाल कार्ड में पात्रों के स्थान पर अपात्रों का चयन किए जाने के विरोध कर बीएलओ को हटाने की मांग पर अड़े थे। किसी दूसरे सक्षम अधिकारी से जांच कराकर पात्र गृहस्थी एवं अन्त्योदय सूची बनाने की मांग कर रहे थे। आरोप लगाया कि शासन के निर्देशानुसार अंत्योदय कार्ड को काटना नहीं है। लेकिन उस सूची में भी पात्रों को काट कर अपात्रों का चयन किया गया है। बीएलओ उर्मिला सिंह के पति पूर्व प्रधान है । वहीं बीएलओ का कार्य करते हैं, जो राजनैतिक द्वेष के चलते सूची में अपात्रों का चयन किए हैं। इस मौके पर राजाराम चौहान, राजेश राजभर, लक्ष्मण राजभर, गीता देवी, झगरू चौहान आदि दर्जनों महिलाएं पुरुष मौजूद रहे।