क्षेत्र के पकवाइनार स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड धारकों को बैंक द्वारा ऋण न दिए जाने में हिलाहवाली किए जाने से किसान परेशान एवं आक्रोशित हैं। किसानों ने चेताया कि तत्काल ऋण उपलब्ध नहीं कराया गया तो धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैंक में फील्ड अफसर पद पर विगत तीन माह से कोई कर्मचारी कार्यरत नहीं है। जिससे किसान क्रेडिट कार्ड धारकों को ऋण मुहैया नहीं हो पा रहा है । जिससे अनेक किसान पैसे के अभाव में बीज खाद न खरीद पाने से गेहूं की बुआई नहीं कर सके हैं। इस समय गेहूं की बुआई का समय चल रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसान बैंक का चक्कर लगाकर कर प्रतिदिन बैरंग वापस लौट रहे हैं। बैंक मैनेजर द्वारा व्यस्तता दिखाकर किसानों को ऋण देने में हिलाहवाली किया जा रहा है। जिससे किसान कार्ड के भरोसे खेती करने वाले किसान निराश एवं आक्रोशित है। मनोज यादव, पिंटू सिंह, अरविंद यादव, संजय सिंह, लल्लन सिंह आदि किसानों ने चेताया के किसान क्रेडिट कार्ड का लोन तत्काल नहीं दिया गया तो धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।