बैरिया। नगर पंचायत चुनाव में पहली बार अपने पहले अध्यक्ष चुनने के लिए मतदाता रेकार्ड मतदान करने के मूड में हैं। उनका कहना है कि अध्यक्ष ऐसा हो जो विकास करे। मतदाताओं का कहना है कि इस बार 80 फीसदी भी मतदान हो जाय तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। वह गलती से भी अध्यक्ष के मुद्दे पर खिलवाड़ से बचेंगे।
बीबी टोला निवासी व्यापारी मंटू गुप्ता कहते हैं कि दशकों से नगर पंचायत बनाने की मांग के बाद अपना अध्यक्ष चुनने का मौका मिला है। हम सबका साथ सबका विकास करने का विचार रखने वाले प्रत्याशी को ही अध्यक्ष बनाएंगे। कस्बा निवासी व्यापारी इम्तियाज अंसारी ने कहा कि जाति-पाती का भेदभाव करने वाले को अध्यक्ष बनाने से बचेंगे। सबको साथ लेकर चलने वाले को अध्यक्ष बनाने का काम किया जाएगा। कस्बा निवासी शिक्षक शशि सिंह ने कहा कि हमारा अध्यक्ष ऐसा हो, जो नगर पंचायत के शिक्षा व्यवस्था के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुधार सके। कस्बा निवासी जैनेंद्र सिंह लाला ने कहा कि नगर पंचायत में बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। नगर पंचायत का चहुंमुखी विकास करने वाले को ही अध्यक्ष की जिम्मेदारी देंगे।