रामगढ़। विकासखंड बेलहरी के बीडीओ संजेश श्रीवास्तव ने शुक्रवार की दोपहर ग्रामसभा गंगापुर का निरीक्षण किया। गंगा के कटान से विस्थापित हरिजन बस्ती गंगापुर में समस्याओं का अंबार देकर हतप्रभ हो गए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के स्तर से भी नाली, खडंजा, हैंडपाइप आदि की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अयोध्या प्रसाद हिंद ने खंड विकास अधिकारी से बताया कि सरकार ने भूमि आवंटित कर 177 कटान पीड़ितों को बसा दिया। लेकिन मूलभूत सुविधाओं से ये लोग आज भी वंचित है। इस पर बीडीओ ने गंभीरता दिखाते हुए पीड़ितों की सूची बनाकर तत्काल हर संभव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि शासन स्तर से मिलने वाली हर सुविधाएं जल्द ही इन बस्तियों में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर अर्जुन साह, तेजाराम, राणा प्रताप शर्मा, शिवजी शर्मा, विजय यादव आदि दर्जनों कटान पीड़ित मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी संजेश श्रीवास्तव ने रामगढ़ में स्थापित पुलिस चौकी पर भी हैंडपंप लगवाने का पुलिस प्रशासन से वादा किया। बता दें कि इन बस्तियों में वर्षों से लोग आर्सेनिक युक्त जल का सेवन करने को बाध्य है।