दशहरा पर रावण के पुतले बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। श्री शुभनगर रामलीला कमेटी बलिया के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप केशरी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लंकाधिपति रावण का 10 मुख वाला पुतला बनवाया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई लगभग 40 फीट होगी।
इस वर्ष आतंकियों को पनाह देने वाले देश पाकिस्तान का सहयोग कर रहे चीन द्वारा निर्मित चाईनीज पटाखा एवं विद्युत लाईट को दूर रख उड़ी के शहीदों के प्रति श्रद्धंाजलि अर्पित करने का प्रयास किया गया है। इसमें बिहार के डुमरांव में निर्मित पटाखा लगाया जाएगा। रावण बनाने की कीमत लगभग 38 से 40 हजार रुपये पड़ रही है।
उधर, श्रीरामलीला कमेटी रसड़ा के अध्यक्ष प्रकाश नारायण जायसवाल ने बताया रावण का पुतला कस्बा निवासी दामोदार द्वारा 50 वर्षो से बनाया जाता था। उनकी मौत के बाद उनके शिष्य मेरू राय के पुरा (तिलही) निवासी शहाबुद्दीन द्वारा रावण और कुम्भकर्ण का पुतला बनाया जाता है। जिसकी वर्तमान में कीमत लगभग एक लाख रुपये पड़ रहा है। बताया कि इस वर्ष रावण का पुतला 50 फीट ऊंचा तथा कुम्भकर्ण का पुतला लगभग 30 फुट का होगा। इस बार इसमें चाइनीज पटाखों को नहीं लगाया जाएगा।