फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

39 आर्सेनिक प्रभावित गांवों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। आर्सेनिक के कहर से जूझ रहे जनपद के 39 गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए के लिए आर्सेनिक रिमूवल यूनिट स्थापित की जाएगी। जल निगम की ओर से इसके लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति के बाद 5.85 करोड़ की लागत से यह यूनिटें स्थापित की जाएंगी। फिलहाल विभाग की ओर से स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। गंगा किनारे बसे जनपद के 300 से ज्यादा गांव आर्सेनिक, फ्लोराइड और आयरनयुक्त पेयजल से परेशान हैं। कई लोगों की दूषित पानी से मौत भी हो चुकी है। आर्सेनिक की सबसे अधिक मात्रा गंगा और सरयू नदी के बीच स्थित द्वाबा इलाके और उसके आसपास के गांवों में मिली। जिले के बेलहरी, बैरिया, मुरली छपरा, रेवती और दुबहड़ विकास खंड के गांवों के पानी में आर्सेनिक सबसे अधिक पाया जाता है। यहां के पानी के सेवन से शरीर पर उभरे दाग अभिशाप का रूप ले चुके हैं। पानी में आर्सेनिक घुला होने के कारण त्वचा, फेफड़े और अन्य अंगों के कैंसर, केरोटोइस और नाड़ी तथा संतानोत्पत्ति से संबंधित गंभीर और जानलेवा बीमारियां इन्हें अपनी चपेट में ले रही हैं। उप्र जल निगम की ओर से आर्सेनिक प्रभावित गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कई पेयजल परियोजनाएं शुरू की हैं। प्रति यूनिट 15 लाख की लागत से इसकी स्थापना की जानी है। यूनिट में आर्सेनिक प्रभावित गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए छोटी टंकियां लगाई जाएंगी। एमएस एंगल पर स्टैंड बनाकर ऊपर प्लास्टिक की टंकी लगाई जाएगी। इसमें बोरिंग के साथ ही आर्सेनिक रिमूवल प्लांट भी लगाया जाएगा। सात-आठ टोटियों के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
विज्ञापन

इन गांवों में लगेंगी यूनिट
बलिया। जल निगम की ओर से बांसडीह ब्लाक के दुहजन, बेलहरी ब्लाक के बहादुरपुर, इकौना, जवही, रेपुरा, चिलकहर ब्लाक के बुढ़ऊ और नारच, दुबहर के बालीपुर, मनियर जसाव, जनरी, सहरसपाली, गड़वार ब्लाक के बलेजी, हनुमानगंज ब्लाक के सोनादवर, बरवां, मुरलीछपरा ब्लाक के बहुआरा, चांद दीयर, इब्राहिमाबाद नौबरार, इब्राहिमाबाद उपरवार, करोहरा नौबरार, सोनबरसा, सोनकीभाट, श्रीपतपुर, रामपुर, भोजापुर, मनियर ब्लाक के जिगरसंड, नगरा के सोनापाली और रेकुआ नसीरपुर, सीयर ब्लाक के इब्राहिमपट्टी, ससना बहादुरपुर, सोहांव ब्लाक के कुलहरिया खास, टुटुआरी, रेवती ब्लाक के मून छपरा, सिंघही, हुसेनाबाद, नवानगर ब्लाक के हरसंद, खटंगा मठ रामगिरि, सिवान कला और पंदह ब्लाक के गौरी में आर्सेनिक रिमूवल यूनिट लगवाई जाएगी।
20 परियोजनाओं पर पहले चल रहा कार्य
बलिया। जनपद में फ्लोराइड प्रभावित हनुमानगढ़, गोविदपुर, नौरंगा, गाजी पाकड़, एसर पीहापट्टी, हरसंड, साहूलाल हरदोपट्टी, चोरकंड और ससना बहादुरपुर, आर्सेनिक और आयरन प्रभावित रेपुरा और चांदपुर, आर्सेनिक प्रभावित कछुआ ओझा, श्रीपतिपुर और मरछी खुर्द। फ्लोराइड और आयरन प्रभावित सराय गुलाबराय और आमघाट तथा आयरन प्रभावित देहरी प्रथम, देहरी द्वितीय, कमासीपुर और संवरूपुर में पेयजल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
विज्ञापन

जिले में आर्सेनिक, आयरन और फ्लोराइडयुक्त पेयजल की समस्या है। जिले की 20 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 39 गांवों में आर्सेनिक रिमूवल यूनिट के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया है। स्वीकृति के बाद कार्य कराया जाएगा। - अंकुर श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता, जल निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें