बलिया। एसडीएम सदर के नेतृत्व में टीम ने बृहस्पतिवार को लक्ष्मणपुर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर बेचने के लिए अवैध तरीके से रखी गई 35 ट्रालियां लाल बालू को सीज कर दिया। साथ ही नोटिस देकर बिना खनन विभाग की अनुमति के बालू नहीं बेचने की हिदायत दी।
नरही थाना क्षेत्र तस्करो का महफूज क्षेत्र बन गया है। बड़े पैमाने पर अवैध बालू की तस्करी कर लाने व बेचे जाने की सूचना पर एसडीएम सदर अश्वनी कुमार श्रीवास्तव बृहस्पतिवार को जिला खनन अधिकारी योगेंद्र भदौरिया तथा सीओ सदर के साथ पुलिस बल लेकर क्षेत्र में पहुंचे। लक्ष्मणपुर चट्टी पर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर वहां बेचने के लिए रखे करीब 35 ट्राली लाल बालू सीज कर दिया और बालू की नापी करके दुकानदार को इस बालू के खरीद संबंधी कागजात लेकर कार्यालय में आने के लिए नोटिस दिया। एसडीएम ने दुकानदार को चेेताया कि बिना खनन विभाग की अनुमति के बालू की बिक्री नहीं करेंगे। इसको लेकर लाल व सफेद बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अभिरक्षा से गायब बालू के मामले में डीएम ने मांगी रिपोर्ट
बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र का इलाका अवैध खनन के लिए भी कुख्यात है। जहां गंगा किनारे जगह-जगह खनन कर बालू को डंप कर ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। इसका खुलासा होने पर 26 जुलाई 19 को एसडीएम सदर की अगुवाई में टीम ने तीन स्थानों पर छापा मारकर तीन लाख रुपये मूल्य की कुल 996 घन मीटर सफेद बालू को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। इसमें सोहांव ब्लॉक के सामने एक जगह 686 घन मीटर, दूसरे स्थान पर 232 घन मीटर व लक्ष्मणपुर गांव के बगीचे में रखे 78 घन मीटर बालू था। जब्त बालू का अधिकांश हिस्सा गायब हो चुका है। जबकि खनन विभाग जब्त बालू की नीलामी की कार्रवाई में जुटा है। इस मामले में जिलाधिकारी बलिया श्रीहरि प्रताप शाही ने प्रभारी निरीक्षक नरही को पत्र भेजकर बालू की आज की स्थिति मांगी है।
मेले से पशुओं की भी खूब हुई तस्करी
बलिया। मकर संक्रांति पर भरौली में लगा पशु मेला भी तस्करों के लिए मुफीद रहा और मेले से तीन हजार से अधिक मवेशियों को बिना किसी अनुमति के ही बिहार ले जाया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में दो तरफा तस्करी का खेल पुलिस की मिलीभगत से किया जाता है।
-
-
नरहीं थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर अवैध तरीके से लाल बालू रखने को लेकर कार्रवाई की गई है। लक्ष्मणपुर स्थित एक दुकान पर रखे करीब 35 ट्राली लाल बालू को सीज किया गया है। इस मामले में खनन अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।- अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम, सदर, बलिया