बेल्थरारोड। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में मंगलवार को गायत्री परिवार की ओर से अवराई खुर्द ग्राम में बाल संस्कार शाला का दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ किया गया। समारोह में वक्ताओं ने जीवन में संस्कार के महत्व को रेखांकित किया। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश पटेल ने कहा कि भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए संस्था का संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भौतिकता की चकाचौंध में भावी पीढ़ी संस्कार से विमुख होती जा रही है। ऐसे में गायत्री परिवार की ओर से बाल संस्कार- शाला संचालित किया जा रहा है। संस्कारशाला में दस से 14 वर्ष के बच्चों द्वारा खेल- खेल में स्वस्थ रहने के लिए ध्यान, योग, प्राणायाम के साथ ही माता- पिता और गुरुजनों का सम्मान करना सिखाया जाएगा जिससे मानवीय मूल्यों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके। संस्कार शाला सप्ताह में एक दिन प्रत्येक सोमवार को पांच से सात बजे तक संचालित किया जाएगा। इस मौके पर सुरेंद्रनाथ यादव, मिथिलेश प्रजापति, जवाहर, तेज बहादुर खरवार, आशीष, प्रिया, रामानंद, भूपेंद्र शर्मा, राजेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।