बेल्थरारोड। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देश में गरीबी, पिछड़ेपन और बेकारी के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया है। जीएमएएम इंटर कॉलेज के मैदान पर मंगलवार को विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए शाही ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैर भाजपा दलों ने आपस में मिलकर देश को लूटने का कार्य किया, जिसके चलते गरीबी और बेकारी व्याप्त हो गई। इससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोग विकास की मुख्यधारा में शामिल नहीं हो सके।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान मोदी सरकार जाति, धर्म से ऊपर उठकर सबका साथ सबका विकास के रास्ते पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया था कि सरकार द्वारा भेजे गए सौ में 85 रुपये रास्ते में गायब हो जाते थे लेकिन मोदी सरकार के दौरान लाभार्थियों के योजना का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा आतंकवादियों को बिरयानी खिलाया जाता था। लेकिन अब उन्हें गोली खानी पड़ रही है।
भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए शाही ने आम जनता से संकल्पबद्ध होकर चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने के लिए जुट जाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित और दीप जला किया गया। निवर्तमान सांसद रविंद्र कुशवाहा विधायक धनंजय कनौजिया काली प्रसाद संजय यादव धर्मेंद्र सिंह दिनेश कुमार गुप्त भगवान पाठक समेत सलेमपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।