इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर से चला 300.55 क्विंटल गेहूं तीन दिन बाद भी लगभग 150 किमी दूर हाजीपुर, बिहार नहीं पहुंच सका है। पुलिस ने इस मामले में विजय ट्रेडर्स के मालिक छट्ठू प्रसाद की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि इसारी सलेमपुर निवासी छट्ठू प्रसाद ने तहरीर में कहा कि विजय ट्रेडर्स के नाम से एक फर्म इसारी सलेमपुर में चलाते हैं। एक जनवरी 2026 को शाम चार बजे गेहूं हाजीपुर बिहार अपनी फर्म से भेजना था। जीएस ट्रांसपोर्ट पिडवल मोड़ घोसी मऊ के छोटेलाल पुत्र लालचंद प्रसाद से संपर्क किया। उन्होंने अपने ट्रांसपोर्ट के ट्रक मालिक आशुतोष यादव, मालीपुर थाना उभांव का ट्रक ड्राइवर शनि चौहान निवासी ग्राम फरसाटार थाना उभांव के साथ मेरी फर्म पर भेजा। अपनी फर्म से 300. 55 क्विंटल गेहूं लदवा कर एलवी बेस्ट प्राइवेट लिमिटेड हाजीपुर भेज दिया। दो जनवरी को जब गेहूं हाजीपुर नहीं पहुंचा तो ड्राइवर को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद हमने ट्रांसपोर्टर को फोन लगाया तो उन्होंने गेहूं के विषय में सही जानकारी नहीं दी। गेहूं अब तक हाजीपुर नहीं पहुंचा है। थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-
पहले भी हुए हैं इस तरह के मामले
केस एक : बलिया में सदर कोतवाली के गुदरी बाजार स्थित एक तेल कारोबारी ने वाराणसी के ट्रांसपोर्टर द्वारा भेजे गए ट्रक पर तेल लोड करवा कर पार्टी के यहां भेजा। इस बीच व्यापारी का मोबाइल हैक हो गया, चालक का नंबर उसी में था। लेकिन दो दिन बाद पार्टी तक तेल नहीं पहुंचा। कारोबारी ने सदर कोतवाली पुलिस में शुक्रवार को शिकायत की थी। पुलिस ट्रक व चालक की खोज में लगी है।
केस 02 : एटा से श्री सीमेंट ईस्ट प्रालि. की 720 सीमेंट बोरी सीमेंट लदा ट्रक बलिया के लिए सितंबर में निकला था। ट्रक चालक बीच रास्ते में 75 बोरी सीमेंट बेचकर ट्रक छोड़ भाग गया। सीमेंट व्यापारी के यहां माल न पहुंचने पर लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने ट्रक चालक पर लखनऊ में प्राथमिकता दर्ज कराई थी। पुलिस को जीपीएस लोकेशन में ट्रक कानपुर के चौबेपुर में खड़ा मिला था।
-
केस 03 : सदर कोतवाली के गुदरी बाजार स्थित एजेंसी से दो वर्ष पूर्व तकरीबन आठ लाख रुपए के बिस्कुट, टॉफी और नमकीन आदि डीसीएम ट्रक पर लादकर चालक आजमगढ़ के लिए रवाना हुआ था। चार दिन बाद न पहुंचने पर व्यापारी ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने 19 दिनों के बाद डीसीएम और माल पकड़ा। इस मामले में युवक को हिरासत में लिया गया था।
केस 04 : दो वर्ष पूर्व गाजीपुर से 1200 पैकेट चावल ट्रक पर लादकर ट्रक चालक बिहार के लिए निकला था। चालक ने मनियर के मिलर को चावल औने-पौने दामों पर बेच दिया। उधर, माल न पहुंचने पर व्यापारी ने जंगीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गाजीपुर पुलिस सर्विलांस की सहायता से मनियर पहुंची और एक गोदाम से 420 पैकेट चावल बरामद किया था। मिलर के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया था।