बलिया। जिले में 300 व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए जल्द ही 36 लाख की धनराशि जारी की जाएगी। विभाग लाभार्थियों के डाटा फीडिंग में जुटा है। डाटा फीडिंग के बाद शासन से सीधे लाभार्थियों के खाते में धनराशि पहुंचेगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2020-21 में आवंटित 8318 शौचालयों का निर्माण धन के अभाव में नहीं हो सका था। सरकार इन शौचालयों के निर्माण को लेकर गंभीर है और समय-समय पर धन जारी कर रही है। हालांकि इसी बीच शासन ने सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का भी फरमान जारी कर दिया ताकि शौचालय से वंचित परिवारों को लाभ मिल सके। इसके बाद पुन: व्यक्तिगत शौचालयों के सापेक्ष शासन की ओर से इस वर्ष पंचायत चुनाव के बाद 2728 लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी गई थी। लेकिन 8318 लाभार्थी अभी इंतजार कर रहे थे। बताया जाता है शासन की ओर से जल्द ही 300 लाभार्थियों के खाते में कुल 36 लाख की धनराशि भेजी जाएगी ताकि शौचालयों का निर्माण पूरा हो सके। इसको लेकर विभाग की ओर से लाभार्थियों के डाटा फीडिंग को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसे बारे में पूछे जाने पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक इसरार अहमद ने बताया कि एक साल पूर्व के लंबित शौचालयों के निर्माण के लिए शासन की ओर से धनराशि समय-समय पर जारी की जा रही है। शेष लाभार्थियों के डाटा फीडिंग का काम अंतिम दौर में है। जल्द ही 300 लाभार्थियों के खाते में धनराशि मिलेगी।