बलिया। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के अनुसार 23 जुलाई दिन बृहस्पतिवार तक जिले में कुल 939 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसमें बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे तक सामने आए 87 नए मरीज भी शामिल हैं। इस बुलेटिन के अनुसार 23 जुलाई तक 554 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 376 है और अब तक जिले के नौ लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। लेकिन इसी रिपोर्ट में हॉस्पिटल वाइज जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार जिले के तीनों कोविड केयर सेंटर (एल-1 हॉस्पिटल) में मिलाकर कुल 86 मरीज ही भर्ती हैं। ऐसे में ये सवाल उठना लाजिमी है कि शेष एक्टिव केस 376 में से यदि कुल 86 मरीज ही भर्ती हैं तो बाकी 290 मरीज कहां हैं ?
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी सूची के अनुसार जिले में एल-1 फैसिलिटी के पांच अस्पताल कार्यरत हैं। इसमें से सीएचसी बसंतपुर में बने एल-1 अस्पताल की बेड क्षमता 55 है और यहां 50 मरीज भर्ती हैं। सीएचसी फेफना में बने कोविड केयर सेंटर में कुल 125 बेड हैं और अभी यहां केवल पांच मरीज भर्ती हैं। शांति हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में 125 बेड हैं और यहां भर्ती मरीजों की संख्या 31 है। सीएचसी सुखपुरा और शहीद मंगल पांडेय महिला महाविद्यालय में बने एल-1 अस्पतालों में क्रमश: बेड की संख्या 100 और 150 है। अभी तक इन दोनों कोविड केयर सेंटरों में एक भी मरीज भर्ती नहीं है इसलिए सभी बेड खाली हैं।
इस लिस्ट के अनुसार जिले में अब तक आरटी-पीसीआर के माध्यम से कुल 11,569 लोगों की सैंपलिंग की गई। इनमें कुल 673 पॉजिटिव और शेष निगेटिव पाए गए। एंटीजन टेस्ट के माध्यम से अब तक 2439 लोगों की सैंपलिंग हुई जिसमें 215 पॉजिटिव मिले और शेष निगेेटिव पाए गए। ट्रूनॉट के माध्यम से कुल 694 लोगों की जांच की गई। 51 पॉजिटिव पाए गए और शेष निगेटिव मिले। इस लिस्ट के अनुसार जिले में अब तक कुल 129 कंटेनमेंट जोन हैं।
जिले में लगातार मरीज सामने आ रहे हैं और इनकी संख्या भी बहुत अधिक है। इसलिए मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। संख्या में डिफरेंस इसलिए आ रहा है कि जिला जेल में भी कुछ मरीज सामने आए हैं, उन्हें जेल में ही आइसोलेट किया गया है। इसी प्रकार 22 जुलाई से काफी लोगों को होम आइसोलेशन की भी सुविधा दी गई है।
- डॉ. जितेंद्र पाल, सीएमओ, बलिया