जयप्रकाश नगर। यूपी बिहार के बार्डर स्थित अंग्रेजी शराब के दुकान के पास झाड़ी से छुपाकर रखी तीन बोरी में रखी 27 पेटी शराब चांद दियर पुलिस चौकी पुलिस ने पकड़ी। उक्त शराब तस्कर बिहार बेचने के लिए ले जाने के फिराक में थे। पुलिस दुकान के अनुज्ञापी कुन्दन सिंह व सेल्समैन के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
बैरिया थाना के क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी एंव प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में शनिवार की रात को चांददीयर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा हमराहियों के साथ रात में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान चक्की चांददीयर में स्थित अंग्रेजी/ बीयर की दुकान के पीछे अंग्रेजी शराब के अनुज्ञापी व सेल्समैन मिलकर तीन प्लास्टिक की बोरी में अंग्रेजी शराब रखकर दुकान के पीछे झाड़ी में छुपा कर रखने व उसे बिहार में बिक्री के लिए भेजने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर उक्त स्थान से तीन बोरी में अलग-अलग ब्रांड की 27 पेटी शराब बरामद किया। कुल 233.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने अनुज्ञापी व सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में बाॅर्डर क्षेत्रों में शराब तस्करी जोरों पर चल रही है।