भीमपुरा (बलिया)। उभांव थाना के सब्दलपुर चट्टी के पास शुक्रवार की देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाश दीपक पासवान निवासी वार्ड नौ कस्बा रेवती के बाएं पैर में गोली लगी है। उसका सहयोगी सतीश सैनी निवासी गुठौली बांसडीह रोड अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
पुलिस की पूछताछ में घायल बदमाश ने बताया कि साथियों के साथ मिलकर 20 मई व चार जुलाई की रात में उसने पकड़ीडीह में देसी शराब की दुकान से कुछ पेटी शराब व नकदी व स्कैनर की चोरी की थी। नौ मई को थाना गड़वार क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने दीपक पासवान पर 25000 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुठभेड़ के बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने बताया कि शुक्रवार की रात में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल से आ रहे दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया, परंतु चालक ने बिना रुके मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर खेतों की तरफ भागने का प्रयास किया। शंका होने पर भीमपुरा पुलिस ने पीछा किया, मोटरसाइकिल सवारों ने खुद को पुलिस से घिरता देख फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। एक बदमाश के पैर में गोली लगी, इससे वह गिर गया। वहीं, उसका दूसरा साथी भाग गया। घायल बदमाश दीपक पासवान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पकड़े गए बदमाश के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। मोटरसाइकिल चोरी की है। बदमाश पर 12 थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश की खोजबीन में पुलिस टीम लगी है।