सिकंदरपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करने को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक एसडीएम सुनील कुमार की अध्यक्ष में शनिवार को हुई। बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन की प्रगति, शेष मतदाताओं की स्थिति तथा एएसडी श्रेणी में रखे गए मतदाताओं पर विचार-विमर्श किया गया।
एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि 92 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं का मिलान किया जा चुका है। लगभग 22 हजार मतदाता ऐसे हैं जिनका मिलान स्वयं या उनके माता-पिता के नाम के आधार पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सका है। इन मतदाताओं के सत्यापन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान लगभग 43 हजार 900 मतदाताओं को मृतक, स्थानांतरित, दोहरे पंजीकरण अथवा लंबे समय से अनुपस्थित पाए जाने के कारण एएसडी श्रेणी में रखा गया है। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन सभी मामलों की पुनः जांच की जाएगी। और किसी भी योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। बैठक में अधिकारियों संग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के रूप में आकाश तिवारी, शोभन राजभर, जितेश वर्मा, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।