इंदरपुर। पीएम आवास प्लस के लिए नगरा ब्लाॅक में चल रहे सर्वे चल रहा है। लेकिन नौ ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां की रिपोर्ट शून्य है। आरोप है कि इन ग्राम पंचायतों में कर्मचारी सर्वे करने नहीं जा रहे।
पीएम आवास प्लस के लिए नगरा ब्लाॅक में चल रहे सर्वे के दौरान 17 दिन में 85 ग्राम पंचायतों में 216 पात्र चिह्नित किए जा चुके हैं। लेकिन नौ ग्राम पंचायतों चांडीसरायसंभल, डिहवां, सुपापाली, विशुनपुरा, जेठवार, ककरी भीमपुरा नंबर एक, गौरा, रामापट्टीतासपुर का सर्वे शून्य है। आरोप है कि इन ग्राम पंचायतों में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्होंने सर्वे कार्य शुरू ही नहीं किया है।
प्रथम स्थान पर कोदई ग्राम पंचायत है, जहां पर 19 पात्र चिह्नित किए गए हैं। दूसरे नंबर पर सुल्तानपुर है, जहां 17 पात्र मिले हैं। तीसरे पर ताड़ीबड़ागांव है, जिसमें 14 पात्र पाए गए हैं। खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा का कहना है कि सर्वे कार्य शासन की प्राथमिकता में है। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिन गांवों में अब तक प्रगति शून्य है, वहां के सर्वेयर को चेतावनी दी गई है।