बलिया जिले के भीमपुरा क्षेत्र के इब्राहिमपट्टी स्थित दुब्बर कृषक इंटर कालेज सिऊरी के प्रांगण में बुधवार को अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत सजगता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद 50 छात्राओं को महिला सशक्तीकरण के बारे में बताया गया। शिक्षिका मनोरमा ने छात्राओं को जागरूक किया एवं महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं एवं कानून संबंधी जानकारी दी।
छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए समाज में आगे आना होगा। जिससे उनके प्रति हो रहे अत्याचार एवं घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला हेल्पलाइन 1090, 100, 181 नंबर, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ आदि योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कहा कि अमर उजाला की ओर से महिलाओं व बेटियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किए गए अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स सजगता अभियान मील का पत्थर साबित होगा।
प्रधानाचार्य हरिवंश यादव बब्लू ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो, खेल का क्षेत्र हो या सुरक्षा का क्षेत्र हो। यहां तक कि अंतरिक्ष में भी वह अपना परचम लहरा चुकी हैं। अपराजिता कार्यक्रम के तहत बेटियों तथा महिलाओं को सुरक्षा तथा कानूनी संबंधी चलाए जा रहे अभियान से बेटियों के अंदर आज आत्मविश्वास पैदा हो रहा है। छात्राओं को नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा उनके चेहरे पर आत्मविश्वास व मुस्कान के लिए शपथ दिलाई गई। इस मौके पर श्रवण कुमार चौहान, बाबूलाल गौतम, जितेंद्र यादव, धीरेंद्र यादव, आदि मौजूद रहे।