बलिया। जिले के प्रमुख महाविद्यालय टाउन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डा. केके मिश्र ने इस्तीफा दे दिया है। श्री मिश्र ने इसे निजी कारणों के चलते इस्तीफा बताया है। उधर, कॉलेज की प्रबंध समिति ने बुधवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर दूसरे को प्राचार्य बनाया है।
टीडी कॉलेज जिले को सबसे बड़ा महाविद्यालय है। यह कॉलेज किसी न किसी मामले को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहता है। प्रवेश से लेकर अन्य मामले को लेकर यहां छात्र राजनीति भी हमेशा गरम रहती है। कुछ दिनों पहले ही कालेज परिसर में एक छात्रा के साथ छेडख़ानी का मामला सामने आया था और इसको लेकर खूब हंगामा भी मचा। प्राचार्य डा. केके मिश्र ने जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा था। डा. मिश्र की मानें तो उनकी पत्नी की तबियत हमेशा खराब रहती है और वह भी आए दिन बीमार हो जाते हैं। इसके चलते वह हमेशा तनाव में रहते हैं और कॉलेज का कार्य करने में कठिनाई होती थी। उन्होंने बताया कि वह चार दिनों पहले ही इस्तीफा दिया लेकिन बुधवार को प्रबंध समिति की बैठक में उसे स्वीकृत किया गया। उधर, प्रंबंध समिति ने बतौर नए प्राचार्य कॉलेज के भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष व एसोसिएट प्रोफेसर डा. दिलीप कुमार श्रीवास्तव को प्राचार्य बनाया है। डा. श्रीवास्तव ने गुुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। इसकी पुष्टि कार्यालय अधीक्षक नागेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव ने भी किया।