बैरिया(बलिया)। लगातार तीसरे दिन भी द्वाबा में बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे नाराज काफी संख्या में लोगों ने विद्युत उपकेन्द्र बैरिया के प्रांगण में पहुंच कर विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त किया और जेई रतन लाल को हटाने की मांग की है।
बैरिया विधानसभा में रविवार को हल्की आंधी के बाद बिजली गुल हुई, इसके बाद से बिजली व्यवस्था चरमरा सी गई है। एक घंटे भी बिजली की लोड विद्युत तार बर्दास्त नहीं कर पा रहे हैं। एक घंटे बिजली के सप्लाई किसी तरह चलने के बाद तार टूट गया और बिजली सेवा फिर ठप हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कई बार विद्युत उपकेन्द्र पहुंच कर हो हल्ला मचाया। विद्युत कर्मचारियों की मानें तो बैरिया उप केन्द्र पर करीब 35 हजार विद्युत कनेक्शन का लोड हो गया है, पिछले 15 दिनों से अब तक करीब दो हजार कनेक्शन बढ़ गया है। जबकि इतने कनेक्शन के लिए पावर हाउस की लोड लेने की क्षमता नहीं है और पुराने तार ही लोड ले पा रहे हैं।