रेवती। विकास खंड के विसौली तीनमुहानी पर गुरुवार की देर शाम आयोजित सपा-बसपा गठबंधन की जनसभा में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा सलेमपुर लोकसभा के प्रभारी आरएस कुशवाहा ने भाजपा सरकार सहित विपक्षियों की जमकर आलोचना की। कहा कि भाजपा को गरीबों से कोई सरोकार नहीं है। वह अमीरों की सरकार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में राम मंदिर के मुद्दे पर आई लेकिन मंदिर नहीं बना। प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज में कुंभ के दौरान प्रधानमंत्री रेनकोट पहनकर संगम में डुबकी लगाने का काम किए। कहा कि 12 जनवरी को जब सपा-बसपा गठबंधन हुआ तभी विपक्षियों को सांप सूंघ गया। भाजपा के आला नेताओं को तो नींद में भी गठबंधन का सपना आ रहा है। कहा कि सरकार के पास कोई मुद्दा नहीं है अब वे लोग कह रहे हैं कि गठबंधन बेमेल है।
उन्होंने कहा कि 1993 में भी सपा बसपा गठबंधन हुआ था तथा मुलायम सिंह यादव सूबे के मुख्यमंत्री बने थे। पूरे देश में भाजपा विरोधी लहर चल रही है। इस बार हमारे गठबंधन के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनेगी। इस अवसर पर लल्लन यादव बैशाखी, सुरेंद्र निषाद, पटेल राम, मिट्ठू राम, ओमप्रकाश, संजीव कुमार, पुरुषोत्तम यादव, उमेश शर्मा, बब्लू सिंह, योगेंद्र यादव, ओपी यादव, अनिल शर्मा, हरबंस यादव, चंद्रमा यादव आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता हजरत हुसैन तथा संचालन ओपी यादव ने किया।