बेल्थरारोड। पाकिस्तान द्वारा गिरफ्तार किए गए वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन की सकुशल रिहाई किये जाने की खबर सुन क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। भारत की कूटनीतिक विजय के उपलक्ष्य में शनिवार को नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त के नेतृत्व में तिरंगा बाइक जुलूस निकाला गया। रेलवे चौराहा से प्रारंभ होकर बाइक जुलूस मुख्य सड़क होते हुए नगर क्षेत्र की विभिन्न स्थानों का भ्रमण करने के बाद गंतव्य पर समाप्त हुआ। इस दौरान हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
जुलूस में वाहनों पर राष्ट्रीय राष्ट्रीय गीत बजाए गए। इसके पूर्व चेयरमैन गुप्त के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे चौराहे पर खूब धूम धड़ाका किया जमकर आतिशबाजी करने के साथ ही मिठाइयां बांट खुशी का इजहार किया। चेयरमैन ने अभिनंदन के शौर्य, पराक्रम और साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के चलते पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है। उन्होंने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि पाकिस्तान द्वारा अभिनंदन को छोड़ देना भारत की कूटनीतिक विजय है।