बलिया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की जिला स्तरीय कृषि नियोजन इकाई की बैठक बुधवार की शाम को मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कृषि निदेशक इंद्राज ने बताया कि राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद के प्रमुख सलाहकार डॉ. ऋषिपाल सिंह ने विभागवार योजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजनाओं में प्रमुख रूप से एकीकृत कृषि प्रणाली, मधुमक्खी पालन, शहद प्रसंस्करण, इकाइयों की स्थापना, मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन, गोवंश संरक्षण केंद्र आदि पर विशेष बल दिया गया।
समेकित जिला कृषि योजना में कृषि विभाग के लिए 2397.78, उद्यान विभाग के लिए 356.27 लाख, गन्ना विभाग के लिए 279.53 लाख, पशुपालन विभाग के लिए 1375.15 लाख, मत्स्य पालन को 163.56 लाख तथा लघु सिंचाई के लिए 432.72 लाख के प्रस्तावों पर सहमति जताई गई। इस प्रकार जनपद में पांच वर्षों की अवधि के लिए कुल 50 करोड़ पांच लाख के कृषि योजना का अनुमोदन किया गया।