बलिया। बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने एक बार फिर सपा-बसपा गठबंधन पर विवादित बयान दिया है। कहा कि सपा मतलब सांप होता है और बसपा मतलब बिच्छू। सांप और बिच्छू का जोड़ा समाज को प्रताड़ना और संकट डालने वाला होगा। वह डंस मारने व काटने का काम करेगा। मायावती शुद्ध रूप से व्यापारी हैं, बसपा का कोई मुकाम नहीं है, बसपा राजनीतिक दुकान है। कहा कि मायावती राजनीति की दुकान चलाती हैं, दुकानदार चाहते हैं कि ग्राहक आ जाय और खरीदार दुकान पर जाते हैं। यह बातें उन्होंने बुधवार को नगर में टाउन हाल में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि मायावती ग्राहक खोजती हैं और ग्राहक वही मिलेगा जिसके पास पैसा होगा। जिसके पास पैसा होगा टिकट खरीदने की ताकत होगी वही उनकी दुकान पर जाएगा और टिकट खरीद लेगा। कहा कि मायावती जी को कोई तोफा और माला दे दे तो उन्हें माला नहीं चेक भरा माल चाहिए। कहा कि जन्मदिन पर केक काटने के नाम पर तोफा के रूप में चेक भरा माल मिल जाता है तो वह खुश हो जाती हैं।विधायक ने कहा कि 2019 की लोकसभा चुनाव एक तरफ लंगोटी व रोटी के लिए तो दूसरी तरफ दारू और बोटी के लिए होगी। कहा कि संतों की लंगोटी व रोटी के नेता प्रधानमंत्री मोदी होंगे, वहीं दारू और बोटी की लड़ाई में कौन नेता होगा अभी बताना मुश्किल है।